पूर्णिया: डाक विभाग के बिहार परिमंडल में 2 फरवरी 2026 को आयोजित पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस (PLI) विशेष अभियान में पूर्णिया डाक प्रमंडल ने एक ही दिन में ₹1 करोड़ का प्रीमियम जुटाकर पूरे परिमंडल में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि न केवल बिहार बल्कि देश स्तर पर भी उल्लेखनीय है, जहां पूर्णिया प्रमंडल ने राष्ट्रीय स्तर पर टॉप 20 में 15वां स्थान हासिल किया।
डाक अधीक्षक नवीन कुमार के कुशल नेतृत्व, मार्गदर्शन और निरंतर प्रेरणा से सभी इकाइयों ने समन्वित प्रयास किया, जिसमें सहायक डाक अधीक्षक (मुख्यालय एवं अररिया), डाक निरीक्षक (फारबिसगंज, पूर्णिया पश्चिम एवं केंद्रीय अनुमंडल) तथा पूर्णिया प्रधान डाकघर के डाकपालों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फील्ड स्तर पर शाखा डाकपालों, डाक सहायकों, अभिकर्ताओं और कर्मचारियों की टीम वर्क, मेहनत और समर्पण से यह लक्ष्य हासिल हुआ।
नवीन कुमार ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विभाग की कार्यकुशलता, रणनीतिक योजना और जनसंपर्क की ताकत को दर्शाती है, तथा भविष्य में भी इसी उत्साह से PLI/RPLI जैसी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाया जाएगा। PLI और RPLI योजनाओं की खासियतें सरकारी गारंटी, कम प्रीमियम में अधिक लाभ, सरल प्रक्रिया और ग्रामीण क्षेत्रों तक आसान पहुंच हैं, जो इन्हें आम लोगों के लिए अत्यंत विश्वसनीय और आकर्षक बनाती हैं।



