पूर्णिया: पूर्णिया विश्वविद्यालय के स्नातक सत्र 2023–27 के पांचवें सेमेस्टर में नामांकन से वंचित छात्रों को लेकर परिसर में हलचल तेज हो गई है। छात्र जदयू पूर्णिया के जिला उपाध्यक्ष बलराम कुमार उर्फ अजीत कुमार साह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर विश्वविद्यालय प्रशासन से अविलंब विशेष नामांकन तिथि घोषित करने की मांग की है।
उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न अंगीभूत एवं संबद्ध महाविद्यालयों में पांचवें सेमेस्टर की सीआईए परीक्षाएं संचालित हो रही हैं, जबकि निर्धारित समय सीमा में नामांकन नहीं करा पाने वाले छात्र परीक्षा प्रक्रिया से वंचित हो रहे हैं। उनके अनुसार तकनीकी कारणों, सूचना के अभाव तथा अन्य प्रशासनिक समस्याओं के चलते कई छात्र नामांकन से छूट गए, जिससे उनके शैक्षणिक भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
उन्होंने छात्रहित में कम से कम एक दिन की विशेष नामांकन तिथि जारी करने का अनुरोध करते हुए कहा कि इससे प्रभावित छात्र नामांकन सुनिश्चित कर आगामी शैक्षणिक गतिविधियों में शामिल हो सकेंगे। फिलहाल छात्र और अभिभावक विश्वविद्यालय प्रशासन के निर्णय की प्रतीक्षा कर रहे हैं।



