मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना के तहत पूर्णिया के दो वरिष्ठ कलाकार सम्मानित

अंग इंडिया संवाददाता/पूर्णिया/

बिहार सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना के अंतर्गत पूर्णिया जिले के दो वरिष्ठ कलाकारों को मंगलवार को सम्मानित किया गया। उप विकास आयुक्त पूर्णिया श्री अंजनि कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में चयनित कलाकारों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर सम्मान प्राप्त करने वाले कलाकारों के चेहरे पर आत्मगौरव, संतोष और प्रसन्नता स्पष्ट रूप से झलक रही थी। उप विकास आयुक्त ने कहा कि कलाकार किसी भी समाज की सांस्कृतिक पहचान होते हैं और लोक कला, लोक संगीत, लोक नृत्य एवं पारंपरिक विधाओं के संरक्षण में उनकी भूमिका अतुलनीय है। मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना कलाकारों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और कृतज्ञता का प्रतीक है, जिन्होंने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा कला-साधना को समर्पित किया है, लेकिन आर्थिक असुरक्षा का सामना करते रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि कलाकारों के सम्मान, आत्मसम्मान और सामाजिक सुरक्षा की गारंटी है। नियमित पेंशन से वरिष्ठ कलाकार सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सकेंगे और अपनी कला को नई पीढ़ी तक हस्तांतरित करने के लिए भी प्रेरित होंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन पूर्णिया का निरंतर प्रयास है कि कोई भी पात्र कलाकार इस योजना से वंचित न रहे।

कार्यक्रम के दौरान जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी पूर्णिया श्री पंकज कुमार पटेल ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना के अंतर्गत स्वीकृत दो लाभार्थी—सुश्री रचना एवं श्री परमानंद परसून—को ₹3000 (तीन हजार रुपये) प्रतिमाह की राशि माननीय कला एवं संस्कृति मंत्री सह पर्यटन मंत्री, बिहार सरकार के निर्देशानुसार प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की गई है।

उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत वही कलाकार पात्र माने जाते हैं जिनकी आयु 50 वर्ष या उससे अधिक हो, जिन्होंने कम से कम 10 वर्षों तक संबंधित कला विधा में सक्रिय योगदान दिया हो, जिनकी वार्षिक आय ₹1.20 लाख से कम हो तथा जो बिहार राज्य के स्थायी निवासी हों। यह योजना विशेष रूप से लोक गायक, लोक नर्तक, पारंपरिक वादक, रंगकर्मी, नाट्य कलाकार, शिल्पकार एवं अन्य सांस्कृतिक विधाओं से जुड़े वरिष्ठ कलाकारों के लिए तैयार की गई है।

साथ ही यह भी जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना से संबंधित आवेदन, पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में इच्छुक कलाकार जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, पूर्णिया से कार्यालय अवधि में मोबाइल नंबर 79854 87243 पर संपर्क कर सकते हैं।

Share This Article
अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"
- Advertisement -

आपके लिए ख़ास ख़बर

App Icon