पूर्णिया, आनंद यादुका: PURNIA NEWS सोमवार की रात्रि सड़क पर मक्का सुखाये जाने की वजह से पूर्णियाँ जिले की सीमा पर कटिहार जिले में एक बहुत बड़ा सड़क हादसा हो गया था, जिसमे पूर्णियाँ जिले के दिबरा गांव से बारात जा रहे आठ लोगों की मौत हो गयी थी। सड़क पर मक्का सुखाने की वजह से इतना बड़ा हादसा होने के बावजूद धमदाहा अनुमंडल प्रशासन मौन बना हुआ है।
जबकि धमदाहा प्रखंड क्षेत्र के तुलसिकुड़िया से लेकर भवानीपुर के सखुआटोला तक लगातार किसानों के द्वारा एसएच 65 पर आधे से ज्यादा जगहों पर मक्का सुखाने का काम बेखौफ होकर किया जा रहा है। इतना ही नहीं किसानों के द्वारा सड़क पर ही थ्रेसर लगाकर मक्का तैयार करने का काम भी किया जा रहा है। अमूमन धमदाहा अनुमंडल की सभी सड़कें इस समय खलिहान बना हुआ है।
सड़क पर मक्का सुखाने वाले किसान आधे से ज्यादा हिस्सों पर मक्का पसार कर सुखाते हैं और उसके बगल में मोटे-मोटे लकड़ी के टुकड़े खड़े कर देते हैं। जिस वजह से सड़क दुर्घटना की आशंका ज्यादा हो रही है। धमदाहा प्रखंड के कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष रणधीर कुमार उर्फ शम्भू मंडल ने इसको लेकर धमदाहा एसडीओ सहित अन्य पदाधिकारियों की आवेदन देकर सड़क पर मक्का सुखानेवालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग किया है। प्रखंड अध्यक्ष ने कहा कि यदि सड़क पर मक्का सुखाने की वजह से कोई दुर्घटना होती है तो मक्का सुखाने वाले किसान के ऊपर मुकदमा दर्ज किया जाय।



