PURNIA NEWS : प्रवासी कामगारों के लिए जागरूकता शिविर का आयोजन

PURNIA NEWS : उप श्रम आयुक्त कार्यालय, संयुक्त श्रम भवन के सभागार में एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का शुभारंभ श्री संजीव कुमार, उप श्रम आयुक्त पूर्णियां प्रमंडल, श्री जगन्नाथ पासवान, श्रम अधीक्षक-सह-सहायक श्रम आयुक्त, श्रमिक संघ के प्रतिनिधि एवं सभी श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जिले के प्रत्येक पंचायत से श्रमिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। शिविर का संचालन संजीव कुमार चौधरी, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, रूपौली द्वारा किया गया। श्रम अधीक्षक-सह-सहायक श्रमायुक्त जगन्नाथ पासवान ने आगंतुक श्रमिकों का स्वागत करते हुए बताया कि श्रम संसाधन विभाग द्वारा बिहार प्रवासी कामगार एप लॉन्च किया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने इस ऐप के माध्यम से करीब 20 लाख प्रवासी मजदूरों के पंजीकरण का लक्ष्य रखा है।

इसके अंतर्गत अगले तीन महीनों में कम से कम 10 लाख प्रवासी मजदूरों का पंजीकरण पूरा करने की योजना बनाई गई है। प्रत्येक पंचायत में प्रति माह न्यूनतम 500 प्रवासी कामगारों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी दी गई है। कार्यशाला में अमन प्रकाश, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, सदर ने बिहार प्रवासी कामगार एप पर निबंधन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस एप में पंजीकरण कराने से राज्य के बाहर कार्य करने वाले प्रवासियों को काफी सुविधा होगी। राज्य के बाहर रहने वाले स्वयं अपना डेटा भर सकते हैं। निबंधन के पश्चात् कामगारों को 12 अंकों का निबंधन संख्या जारी किया जाएगा। इस एप में कामगारों के नाम, पिता का नाम, वर्तमान एवं स्थायी पता, शैक्षणिक योग्यता, ठेकेदार के माध्यम से जाने की स्थिति, मोबाइल नंबर, बैंक खाता संख्या आदि सूचनाओं को भविष्य के उपयोग के लिए रखा जाएगा।

श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी श्री शुभम प्रियदर्शी ने बताया कि बिहार से बाहर असंगठित क्षेत्र में कार्य करने वाले कामगारों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना, 2008 को लागू कर रखा है। इस योजना में राज्य के बाहर या विदेशों में कार्यरत प्रवासी कामगारों या उनके आश्रितों को दुर्घटना में मृत्यु के उपरांत दो लाख तथा पूर्ण एवं आंशिक निःशक्तता की स्थिति में क्रमशः एक लाख और पचास हजार रुपये का अनुदान दिया जाता है। जागरूकता शिविर के समापन पर संजीव कुमार, उप श्रमायुक्त, पूर्णियां प्रमंडल ने सभी आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने प्रवासी श्रमिकों से आह्वान किया कि वे इस एप में अवश्य निबंधन कराएं, क्योंकि इससे बिहार के बाहर जाने वाले कामगारों का डेटाबेस तैयार करने में काफी सुविधा होगी।

Share This Article
अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"
- Advertisement -

आपके लिए ख़ास ख़बर

App Icon