PURNIA NEWS : पूर्णिया जिले के बैसा प्रखंड के अनगर थाना क्षेत्र के मजगमा हाट स्थित शिव-दुर्गा मंदिर में शुक्रवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब असामाजिक तत्वों ने दुर्गा पूजा की तैयारियों के बीच स्थापित की जा रही माँ दुर्गा की प्रतिमाओं को तहस-नहस कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह जब कारीगर मूर्तियों को अंतिम रूप दे रहे थे, तभी कुछ लोगों ने मंदिर परिसर में घुसकर सभी प्रतिमाओं को तोड़ डाला। घटना की जानकारी फैलते ही ग्रामीणों में गुस्से की लहर दौड़ गई और देखते ही देखते भारी भीड़ मंदिर परिसर में जुट गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना महज़ मूर्तियों को तोड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि हिन्दू आस्था और सामाजिक सौहार्द पर सीधा हमला है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस कृत्य के पीछे एक सुनियोजित साजिश है और इसमें बाहरी लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए विश्व हिन्दू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि “माँ दुर्गा की प्रतिमाओं को तोड़ना करोड़ों हिन्दुओं की भावनाओं को आहत करना है। संगठन इसकी कड़ी निंदा करता है और जब तक दोषियों को सख़्त से सख़्त सज़ा नहीं मिलती, चैन से नहीं बैठेगा।” उन्होंने जिला प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन बड़े पैमाने पर आंदोलन करने को बाध्य होगा। इधर, प्रशासन ने हालात की नज़ाकत को देखते हुए तुरंत पुलिस बल की तैनाती कर दी है। फिलहाल सात थानों की पुलिस मौके पर कैंप कर रही है और घटना की जाँच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि माहौल को बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



