PURNIA NEWS : भवानीपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत लाठी पंचायत के रायपुरा मुशहरी टोला में आज भी बांस बल्ले के सहारे बिजली मुहैया कराया जा रहा है । रायपुरा मुशहरी में फुस के घरों के ऊपर से बांस बल्ले के सहारे लटक रहे बिजली तार हमेशा बड़ी दुर्घटना को आमंत्रण दे रहे हैं । कई बार इन बिजली तारों की वजह से यहां के फुस के घरों में आग भी लग चुकी है और दुर्घटना भी घट चुकी है । बावजूद इसके बिजली विभाग का ध्यान इस तरफ नहीं जा रहा है । रायपुरा मुशहरी काफी सघन बस्ती है और यहां के अधिकांश घर फुस के बने हुए हैं । बांस बल्ले के सहारे बिजली के तार यहां के घरों के कुछ ही ऊपर लटक रहे हैं । जिससे यहां कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है । बताते चलें कि बिजली के तारों की वजह से प्रखंड क्षेत्र में दर्जन भर से ज्यादा बड़ी दुर्घटना घटित हो चुका है । इसके बावजूद रायपुरा मुशहरी में आज तक पोल नहीं लगाया गया है । बांस बल्ले के सहारे लटक रहे बिजली के तारों से ही यहां के लोग अपने घरों में बिजली कनेक्शन लेकर बल्ब जलाते हैं । जिससे यहां बड़ी दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है ।
रायपुरा मुशहरी गांव के दर्जनों लोगों ने बताया कि बांस के जगह पोल लगाने के लिए उनलोगों के द्वारा सामूहिक रूप से कई बार बिजली विभाग के दफ्तरों में कहा गया लेकिन कोई भी अधिकारी इस तरफ ध्यान ही नहीं देते हैं । रायपुरा मुशहरी के लोगों ने बताया कि बिजली बिल लेने के लिए आनेवाले कर्मियों से भी कई बार इस बात की शिकायत किया गया और पोल लगवाने की बात उनलोगों के द्वारा सामूहिक रूप से कही गयी । रायपुरा मुशहरी के अमरेश कुमार ऋषि, गजेंद्र ऋषि, बुधन ऋषि, कैलाश भगत, रमेश भगत, छुतहरू ऋषि आदि ने बताया कि उनलोगों के द्वारा समय पर बिजली बिल का भुगतान किया जाता है , इसके बावजूद उनलोगों के गांव में बिजली का पोल नहीं लगाया जा रहा है । बिजली पोल नहीं लगाने से रायपुरा मुशहरी के वाशिन्दों में काफी ज्यादा आक्रोश बना हुआ है । मामले की जानकारी नहीं थी , मामला संज्ञान में आया है । बहुत जल्द एजेंसी से रायपुरा मुशहरी गांव का सर्वे कराया जायेगा । सर्वे के बाद रायपुरा मुसहरी गांव में बिजली का पोल लगवा दिया जायेगा ।



