PURNIA NEWS : विश्व हिंदू परिषद् (विहिप) के 66 सदस्यीय दल ने रविवार को पूर्णिया से एक भव्य धार्मिक यात्रा की शुरुआत की। इस यात्रा में विहिप के साथ-साथ बजरंग दल, मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी के कार्यकर्ता शामिल हैं, जो प्रयागराज में महाकुंभ स्नान, अयोध्या में श्री राम लला के दर्शन, काशी विश्वनाथ के जलाभिषेक और मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए रवाना हुए। विहिप के जिला अध्यक्ष एवं प्रांतीय अधिकारी पवन कुमार पोद्दार के नेतृत्व में मार्केटिंग यार्ड गुलाब बाग से एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। सभी तीर्थयात्रियों को पुष्पमाला, तिलक और दही-मिश्री से विदाई दी गई। यात्रा का नेतृत्व विहिप अमौर प्रखंड अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा कर रहे हैं। उनके साथ प्रखंड मंत्री विमलेश कुमार, सहमंत्री सोहन चौधरी और जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख अमित कुमार साह भी यात्रा का संचालन करेंगे।
विशेष बात यह है कि अयोध्या के कारसेवक पुरम और प्रयागराज के कुंभ मेला क्षेत्र झुंसी में यात्रियों के लिए निःशुल्क आवास और भोजन की व्यवस्था की गई है। दल में देवेन्द्र पोद्दार, नन्दलाल पासवान, पिंकी पासवान से लेकर बेबी देवी, रानी देवी, यशोदा देवी जैसी मातृशक्ति की सदस्याएं भी शामिल हैं। विहिप के अधिकारियों ने बताया कि यह दल 15 फरवरी तक वापस पूर्णिया लौटेगा। विदाई के समय जिला सहमंत्री विनित भदोरिया, जिला उपाध्यक्ष निलाभ रंजन झा, जिला कोषाध्यक्ष रंजन कुणाल समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।