PURNIA NEWS अभय कुमार सिंह : पंचायत समिति की बैठक में एकबार फिर से टीकापट्टी एवं मोहनपुर को प्रखंड बनाने सहित मुख्यालय स्थित शहीद स्थल की व्यवस्था सरकारी स्तर से करने की भी जोरदार मांग उठी तथा इसपर अमल करने की मांग यहां के जनप्रतिनिधियों ने की । इस बैठक की अध्यक्षता प्रमुख प्रतिमा देवी ने किया, जबकि संचालन बीडीओ अरविंद कुमार ने किया । इसबार की भी बैठक में अनेक अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी दिखायी तथा कार्रवायी की मांग की । सबसे पहले गत बैठक की संपुष्टि की गई तथा 15 वीं वित्त आयोग एवं षष्टम राज्य वित्त आयोग से चलनेवाली योजनाओं पर चर्चा की गई । इसके बाद सभी जनप्रतिनिधियों ने टीकापट्टी एवं मोहनपुर को प्रखंड बनाने की जोरदार आवाज उठायी । सभी ने कहा कि दोनों थाना क्षेत्र बाढ प्रभावित है तथा यहां के लोग आज भी विकास के लिए तरस रहे हैं । साथही वे गरीबी एवं अपने मौलिक अधिकारों से भी वंचित हैं । फिर 25 अगस्त 1942 को करो या मरो की अगस्त क्रांति के दौरान अंग्रेजों से लडते हुए शहीद हुए शहीदों की याद में बने ऐतिहासिक शहीद स्थल की व्यवस्था बनाए रखने के लिए सरकारी राशि उपलब्ध कराने की भी जोरदार मांगें उठीं । इसके अलावा अन्नदाताओं की समस्या को लेकर उर्वरक की किल्ल्त की आवाजें उठीं । बीएओ राघव प्रसाद ने बताया कि रबी फसल के दौरान कुंभ मेला के कारण उर्वरक की किल्लत हुई थी, अब नहीं है । अन्नदाताओं का किसान सम्मान निधि की राशि 20 जून को जारी होगी ।

सांसद प्रतिनिधि मो आफताब आलम उर्फ पप्पू खान ने हर खेत-खलिहान तक बिजली के नहीं पहुंचने पर चिंता व्यक्त की । मनरेगा योजना के तहत हर पंचायत में खेल मैदान बनने में परेशानी है, 11 पंचायतों में जमीन उपलब्ध है, परंतु आज भी 7 पंचायतों में जमीन उपलब्ध नहीं है, जिसे उपलब्ध कराया जाए । इसके अलावा पशुशेड का भी निर्माण कराया जाए । पीओ ने कहा कि करा दिया जाएगा । जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि आयुष्मान कार्ड बनाने की जानकारी नहीं दी गई । चिकित्सा प्रभारी डाॅ नीरज कुमार ने बताया कि 30 मई तक तय तिथि में आयुष्मान कार्ड बने हैं, अभी भी 60 प्रतिशत बाकी हैं, लोगों को जनप्रतिनिधियों द्वारा भी जागरूक किया जाए । आवास योजना में भी धांधली की आवाज उठायी गई । जनप्रतिनिधियों ने अभी भी 10 से 15 हजार महिलाओं के जीविका से जुडे नहीं होने की बात कही, जिससे उन्हें लाभ नहीं मिल रहा है । मुखिया पंकज यादव ने अंचल कार्यालय में म्यूटेशन के कार्य समय पर नहीं होने की शिकायत की । श्रम पदाधिकारी ने मजदूरों की स्वाभाविक मौत पर पचास हजार एवं दुर्घटना के दौरान मौत होने पर दो लाख रूपये सरकार द्वारा दिये जाने का प्रावधान है, बताया । सीडीपीओ सहित अन्य की अनुपस्थिति पर सभी जनप्रतिनिधियों ने आक्रोश व्यक्त किया ।इसके अलावा भी अन्य शिकायतों का दौर जारी रहा । प्रमुख प्रतिमा कुमारी ने शिकायत भरे लहजे में कहा कि हरबार अधिकारी अनुपस्थित रहते हैं, जिससे जनप्रतिनिधि उस विभाग की जानकारी से वंचित रह जाते हैं, उनपर आजतक कोई कार्रवायी नहीं की गई है । उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि वे इसओर ध्यान दें तथा अनुपस्थित अधिकारियों पर कार्रवायी करें । इस अवसर पर प्रमुख प्रतिमा कुमारी, सांसद प्रतिनिधि मो आफताब आलम, पंचायत समिति सदस्य सुनील कुमार सुमन, सुनील कुमार झा, आनंदी चैधरी, सुनीता कुमारी, उपप्रमुख राजा कुमार, मो मिनहाज आलम, अनंत झा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे ।



