PURNIA NEWS प्रफुल्ल सिंह : सरसी थाना क्षेत्र के मन्ना खुदा बंद नगर पंचायत में रविवार रात एक बंद घर को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। स्टेट हाईवे 77 के किनारे स्थित वार्ड संख्या 11 के निवासी विक्रम सिंह रविवार शाम अपनी पत्नी के साथ कटिहार जिले के चंदवा गांव स्थित ससुराल गए थे। सोमवार सुबह लगभग 7 बजे जब वे घर लौटे तो देखा कि उनके घर के सभी कमरों के दरवाजों के हैंडल और ताले कटे हुए थे। अंदर की अलमारियों के लॉक भी काटे गए थे और सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था।
विक्रम सिंह ने थाने में दिए आवेदन में बताया कि चोरों ने उनकी पत्नी के 50 ग्राम सोने के जेवरात, जिनकी कीमत लगभग पांच लाख रुपये है, और अलमारी में रखे 50 हजार रुपये नगद चुरा लिए। उन्होंने आशंका जताई है कि अपराधियों को उनकी गतिविधियों की पूरी जानकारी थी। सरसी थाना के अपर थाना अध्यक्ष आयुष राज ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। चोरी में शामिल अज्ञात अपराधियों को पकड़ने के लिए अनुसंधान जारी है।



