PURNIA NEWS : पूर्णिया जिले में रेल सुविधाओं की अनदेखी को लेकर नाराज ग्रीन पूर्णिया संस्था ने बुधवार को आंदोलन का बिगुल फूंका। संस्था के प्रमुख डॉ. अनिल कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप जुटे कार्यकर्ताओं ने सीमांचल क्षेत्र, विशेषकर पूर्णिया से लंबी दूरी और हाई स्पीड ट्रेनों के संचालन की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी पूर्णिया रेलवे के विकास मानचित्र से गायब है, जबकि यहां की बड़ी आबादी आजीविका और शिक्षा के लिए देश के अन्य हिस्सों में यात्रा करती है।
प्रदर्शन के दौरान सदस्य ‘पूर्णिया से वंदे भारत ट्रेन शुरू करो’ जैसे नारों के साथ तख्तियां लेकर सड़क पर खड़े दिखे। डॉ. गुप्ता ने जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि अगर रेल सुविधाएं नहीं बढ़ाई गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। आंदोलन के बाद संस्था ने पर्यावरण संरक्षण की ओर भी कदम बढ़ाते हुए राहगीरों के बीच निःशुल्क छायादार और फलदार पौधों का वितरण किया और नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास एक पौधा अवश्य लगाएं।



