पूर्णिया, किशन भारद्वाज: PURNIA NEWS विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बुधवार को पूर्णिया कॉलेज, पूर्णिया में वृक्षारोपण एवं संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. शंभूलाल वर्मा ने की। कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज परिसर में वृक्षारोपण से हुई, जिसमें नीम, पीपल, अशोक और अमरूद जैसे पर्यावरण अनुकूल पौधे लगाए गए। कॉलेज की एनसीसी इकाई ने अनुशासित संचालन और सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. वर्मा ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा केवल दायित्व नहीं, बल्कि जीवन का आधार है, वहीं प्रो. इश्तियाक अहमद ने सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। एनसीसी अधिकारी प्रो. ज्ञानदीप गौतम ने छात्रों की सहभागिता को अनुकरणीय बताया और कहा कि एनसीसी छात्रों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करता है।
उर्दू विभागाध्यक्ष डॉ. मुजाहिद हुसैन ने प्रकृति के सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित किया। इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स और पीजी वर्ग के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण कर पर्यावरण जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन वृक्षों की देखभाल और संरक्षण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता बताई।



