पूर्णिया जिले में उर्वरकों की कालाबाज़ारी और अनियमितता पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में शनिवार को जिला कृषि पदाधिकारी, पूर्णिया श्री हरिद्वार प्रसाद चौरसिया एवं सहायक निदेशक, पौधा संरक्षण द्वारा संयुक्त रूप से रानीपतरा स्थित रैक प्वाइंट का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान यारा कंपनी के यूरिया का रैक खाली किया जा रहा था।
मौके पर उपस्थित रैक हैंडलर से अधिकारियों ने विस्तार से बातचीत की तथा निर्गत की जा रही गाड़ियों के चालान एवं संबंधित आवश्यक कागजातों की गहन जांच की। इसके साथ ही लेबर यूनियन एवं ट्रैक्टर-ट्रक यूनियन के प्रतिनिधियों से भी चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट एवं सख़्त निर्देश देते हुए कहा कि रैक प्वाइंट पर आने वाले निर्धारित उर्वरक के अतिरिक्त किसी अन्य उर्वरक को किसी भी वाहन पर लोड नहीं किया जाएगा। ऐसा करते पाए जाने पर रैक हैंडलर, थोक विक्रेता, वाहन मालिक तथा चालक सभी के विरुद्ध नियम संगत कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने मौके पर कई ट्रैक्टर चालकों से चालान प्राप्त कर उर्वरक की जांच एवं मिलान किया, जो सही पाया गया। वहीं उपस्थित यूनियन प्रतिनिधियों ने भी प्रशासन के निर्देशों पर सहमति जताते हुए आश्वासन दिया कि यदि रैक प्वाइंट पर निर्धारित उर्वरक के अतिरिक्त किसी अन्य उर्वरक की गतिविधि संज्ञान में आती है, तो विभाग को तुरंत सूचित किया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हित में उर्वरक वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए ऐसे निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।
अंग इंडिया संवाददाता



