RAJSTHAN NEWS : थार के मरूस्थल को हरा-भरा बनाने को लेकर जन कल्याण संस्थान, बाड़मेर की ओर से थार नगरी, बाड़मेर व उसके आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार पौधारोपण किया जा रहा है। जिस कड़ी में जन कल्याण संस्थान, बाड़मेर अब 11 जून से हरित गौशाला अभियान प्रारम्भ करने जा रही है। जिसके तहत् हर गौशाला में संस्थान की ओर से 50-50 पौधे लगाऐ जायेंगें। संस्थान अध्यक्ष मुकेश बोहरा अमन ने बताया कि थार के मरूस्थल को हरा-भरा बनाने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण बहुत जरूरी हो गया है।
ऐसे में जन कल्याण संस्थान, बाड़मेर की ओर से अभियान हरित गौशाला के माध्यम से बाड़मेर की अलग-अलग गौशालाओं में 11 जून से पौधारोपण कार्यक्रम का आगाज होगा। हरित गौशाला अभियान के तहत् प्रत्येक गौशाला में 50-50 पौधे लगाएं जायेंगें। अमन ने बताया कि थार में बढ़ती गर्मी, बदलता परिवेश और पर्यावरण प्रदूषण जैसी प्राणघातक समस्याएं दिनोंदिन अपने पांव पसारती जा रही है जो आने वाले कल के लिए चिन्ता का विषय है। परिवेश में शुद्धता के लिए हमें अधिक से अधिक पौधारोपण करने की जरूरत है।



