पूर्णिया, आनन्द यादुका: पूर्णिया जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र में हाल ही में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में लूटी गई मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भागलपुर जिले के रंगरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर वार्ड-1 निवासी सूरज कुमार के रूप में हुई है, जिसने पूछताछ में लूट की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है और अपने दो अन्य साथियों की जानकारी भी पुलिस को दी है। यह लूट कुछ दिन पहले थाना से कुछ दूरी पर एक कपड़ा व्यवसायी के साथ मारपीट कर की गई थी, जिसको लेकर पीड़ित मंजय साह ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पुलिस के अनुसार वैज्ञानिक अनुसंधान और छापेमारी के बाद आरोपी की गिरफ्तारी संभव हो सकी, जिसकी पहचान पीड़ित ने भी कर ली है। आरोपी को विधिसम्मत कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।



