फारबिसगंज में भाजपा कार्यालय के उद्घाटन में हंगामा: छठ सामग्री न मिलने पर नाराज़ महिलाओं ने उठा लीं कुर्सियाँ

Bihar Election 2025,प्रिंस(अन्ना राय) : बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच, फारबिसगंज में भाजपा प्रत्याशी विद्यासागर केशरी के एनडीए चुनाव प्रधान कार्यालय के उद्घाटन के मौके पर आज बड़ा अजीबोगरीब हंगामा देखने को मिला। छठ पूजा सामग्री मिलने की आस में सुबह से इंतज़ार कर रहीं सैकड़ों महिलाएँ, नेताओं के विलंब से पहुँचने और सामान न मिलने से नाराज़ होकर पंडाल में लगी कुर्सियाँ उठाकर चलती बनीं। यह घटना दीनदयाल चौक पर स्थित एनडीए चुनाव कार्यालय में हुई, जहाँ उद्घाटन का समय शाम 4 बजे निर्धारित था।

साड़ी और पूजन सामग्री की आस में सुबह से जुटी थीं महिलाएँ

रिपोर्ट के अनुसार, उद्घाटन कार्यक्रम के लिए कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिलाएँ सुबह से ही कार्यालय पहुँची थीं। महिलाओं को उम्मीद थी कि इस मौके पर छठ व्रतियों के बीच साड़ी, सूप, फल और अन्य पूजन सामग्री का वितरण किया जाएगा। जब 4 बजे निर्धारित समय के बाद भी नेतागण कार्यालय उद्घाटन के लिए नहीं पहुँचे और महिलाओं को दिन भर भूखे-प्यासे रहना पड़ा, तो उनके सब्र का बाँध टूट गया। नाराज़ महिलाओं ने पंडाल में लगी कुर्सियों पर हाथ फेरना शुरू कर दिया और कुर्सियाँ उठाकर विधायक एवं पार्टी के स्थानीय लोगों को खूब खरी खोटी सुनाकर वहाँ से निकल गईं।

महिलाओं ने लगाया भाजपा नेताओं पर आरोप

कुर्सी ले जा रही कुछ महिलाओं ने अपनी निराशा व्यक्त की। रेखा देवी और निर्मला देवी जैसी महिलाओं ने बताया कि उन्हें गाँव में बताया गया था कि यहाँ छठव्रतियों के लिए सामान का वितरण होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें दिन भर भूखे-प्यासे बैठाकर कोई सुध नहीं ली गई। खमकोल पोटरी की मधु देवी और सावित्री देवी तथा कुशमाहा की नम्रता देवी जैसी कुछ अन्य महिलाओं का कहना था कि कुछ लोगों को बीच साड़ी का वितरण किया गया, लेकिन उन्हें नहीं दिया गया, इसलिए वे कुर्सी उठाकर चल दीं। हरिपुर की चंचला देवी, पार्वती देवी आदि ने बताया कि वे टेम्पो भाड़ा करके इस आशा में आई थीं कि उन्हें छठ का सामान मिलेगा, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। महिलाओं के इस विद्रोह के बाद कुछ स्थानीय कार्यकर्ताओं और टेंट हाउस वालों ने महिलाओं को रोकने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कई महिलाएँ कुर्सियाँ अपने सिर पर उठाकर जा चुकी थीं।

प्रत्याशी विलंब से पहुँचे

महिलाओं के विद्रोह की जानकारी जब जोगबनी में जनसंपर्क कर रहे प्रत्याशी विद्यासागर केशरी को मिली, तो वे करीबन एक घंटे विलंब से प्रधान कार्यालय पहुँचे। उन्होंने समर्थकों के साथ फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया। उद्घाटन के मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ एनडीए के घटक दलों के नेता भी मौजूद रहे।

Share This Article
अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"
- Advertisement -

आपके लिए ख़ास ख़बर

App Icon