सहरसा : पंजाब के जालंधर स्थित डीएवी यूनिवर्सिटी में आयोजित नेशनल डांस स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में सहरसा की स्ट्रगलर डांस एकेडमी ने ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। एकेडमी के 10 बच्चों और एक महिला प्रतिभागी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीतकर न केवल सहरसा बल्कि पूरे बिहार का नाम रोशन किया।
गोल्ड मेडल जीतने वालों में तेजस्वी कुमारी, आर्या सिंह, लकी कुमारी, गरिमा अग्रवाल, सिद्धि गौतम, अंश राज और महिला वर्ग में माया तिवारी शामिल हैं। वहीं सिल्वर मेडल शालिनी प्रिया, श्रेयशी पांजियार और आद्विक ने हासिल किया, जबकि ब्रॉन्ज मेडल अवंतिका कुमारी के नाम रहा।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में स्ट्रगलर डांस एकेडमी में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना रहे। विशिष्ट अतिथियों में राजकीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित आनंद झा, सामाजिक कार्यकर्ता सोहन झा और आशुतोष आनंद शामिल थे। सभी अतिथियों ने विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना ने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों की रुचि को पहचान कर उन्हें उसी क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर दें, क्योंकि यही बच्चे देश का भविष्य हैं। वहीं एकेडमी के डायरेक्टर रौशन डी-क्यूज़ ने कहा कि बच्चों की कड़ी मेहनत, लगन और अभिभावकों के सहयोग से ही यह मुकाम हासिल हुआ है। उन्होंने इसे सहरसा ही नहीं, पूरे बिहार के लिए गर्व का क्षण बताया।



