प्रिंस कुमार | अररिया
अररिया (फारबिसगंज)। फारबिसगंज केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के आगामी त्रिवार्षिक कार्यकाल के लिए चुनाव की औपचारिक घोषणा कर दी गई है। शनिवार को एसोसिएशन के अध्यक्ष अवधेश कुमार साह की अध्यक्षता में आयोजित कोर कमेटी की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संगठन का चुनाव 5 अप्रैल 2026 को संपन्न कराया जाएगा। इसके साथ ही संगठन में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं और दवा व्यवसाय से जुड़े सदस्यों में हलचल बढ़ गई है।
चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए तीन सदस्यीय चुनाव संचालन समिति का गठन किया गया है। इसमें संदीप डाबरीवाला को मुख्य चुनाव पदाधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि मो. जासीम आलम एवं अजीत कुमार झा को सह चुनाव पदाधिकारी बनाया गया है। वहीं संघ के संरक्षक विनोद सरावगी को मुख्य चुनाव मार्गदर्शक की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा घनश्याम जायसवाल को चुनाव कार्यक्रम प्रभारी नियुक्त किया गया है, जो पूरी प्रक्रिया के समन्वय का कार्य करेंगे।
बैठक में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से सदस्यता अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया। तय कार्यक्रम के अनुसार 28 फरवरी तक पुराने सदस्यों का नवीकरण एवं नए सदस्यों को जोड़ने का अभियान चलेगा। इसके बाद 5 मार्च तक छूटे हुए दुकानदार चुनाव कार्यालय में रसीद कटाकर सदस्यता ग्रहण कर सकेंगे। 6 मार्च को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा, जिसके आधार पर चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
एसोसिएशन के संगठन सचिव कुंदन कुमार ने बताया कि मतदान और वार्षिक आम बैठक स्थानीय सिद्धसागर भवन में आयोजित की जाएगी। चुनाव से संबंधित नामांकन, नाम वापसी और अन्य चरणों की विस्तृत तिथियां जल्द ही चुनाव समिति द्वारा घोषित की जाएंगी। बैठक में सचिव मनोज कुमार भारती, कोषाध्यक्ष सुनील कुमार गुप्ता, संयुक्त सचिव मुकेश जायसवाल सहित संगठन के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। संगठन ने सभी सदस्यों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।



