प्रिंस कुमार, अररिया: अररिया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंजनी कुमार का जिले में एक वर्ष का कार्यकाल पूरा हो गया है। 1 जनवरी 2025 को कार्यभार संभालने के बाद, उन्होंने अपने एक साल के कार्यकाल का लेखा-जोखा पेश किया। एसपी अंजनी कुमार के नेतृत्व में जिला पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी जांच के बल पर कई जटिल आपराधिक मामलों को सुलझाने में बड़ी कामयाबी हासिल की है।
अपराध और कार्रवाई के आंकड़े (एक नजर में)
एसपी द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, पिछले एक साल में जिले के विभिन्न थानों में कुल 6860 मामले दर्ज किए गए। पुलिस की सक्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इस दौरान कुल 6755 गिरफ्तारियां की गईं।
हथियार और गोला-बारूद की जब्ती: हथियार: 44 (देशी कट्टा और पिस्टल), कारतूस: 94 बरामद
वाहनों की बरामदगी: पुलिस ने विभिन्न मामलों और शराब तस्करी के दौरान कुल 520 वाहनों को जब्त किया, जिसमें 354 मोटरसाइकिल, 36 कार, 17 ट्रक, 37 पिकअप वैन और अन्य वाहन शामिल हैं।
नशा तस्करी और शराब के खिलाफ ‘सर्जिकल स्ट्राइक’
नशीले पदार्थों के खिलाफ अररिया पुलिस ने इस साल कड़ा प्रहार किया है। बरामदगी के आंकड़े चौंकाने वाले हैं: गांजा: 4915.86 किलोग्राम, स्मैक/ब्राउन शुगर: 2.615 किलोग्राम, शराब: 23,043 लीटर विदेशी और 17,506 लीटर देशी शराब, कोडीनयुक्त कफ सिरप: 2197.7 लीटर
अपराध की प्रकृति और दर्ज मामले
एसपी अंजनी कुमार ने बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान जिले में अपराध की स्थिति कुछ इस प्रकार रही: हत्या: 59 मामले, लूट एवं डकैती: लूट के 46 और डकैती के 4 मामले, चोरी एवं गृहभेदन: चोरी के 912 और गृहभेदन के 62 मामले, अपहरण: कुल 339 (राहत की बात रही कि फिरौती के लिए अपहरण का मामला शून्य रहा), बलात्कार: 29 मामले, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले 7 मामलों और सामान्य दंगे के 29 मामलों पर भी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
नए एसपी के रूप में जितेंद्र कुमार की तैनाती
अंजनी कुमार के तबादले के बाद अब अररिया की कमान 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी जितेंद्र कुमार को सौंपी गई है। जिले के लोगों को उम्मीद है कि नए एसपी भी तकनीक और फील्ड इंटेलिजेंस के जरिए जिले की कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाएंगे।



