प्रिंस कुमार/ अररिया/
भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करने तथा अवैध गतिविधियों पर पूर्ण विराम लगाने के उद्देश्य से रविवार को सशस्त्र सीमा बल (SSB) और जिला पुलिस के आला अधिकारियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। एसएसबी 56वीं बटालियन के कमांडेंट शाश्वत कुमार के निर्देश पर उप कमांडेंट मदन मोहन भट्ट ने अररिया के नव पदस्थापित पुलिस अधीक्षक (SP) जितेन्द्र कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की।
जिले के पुलिस कप्तान के रूप में जितेन्द्र कुमार के योगदान देने के उपरांत एसएसबी की ओर से उनका औपचारिक स्वागत किया गया। उप कमांडेंट मदन मोहन भट्ट ने बटालियन की ओर से एसपी को बुके प्रदान किया और उन्हें सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों की संवेदनशीलता को देखते हुए कई महत्वपूर्ण सुरक्षा बिंदुओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया। सीमा पार से होने वाली नशीली दवाओं, हथियारों और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी को रोकने के लिए खुफिया जानकारी साझा करने पर सहमति बनी। एसपी जितेन्द्र कुमार ने सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थित थानों और आउटपोस्ट (OP) पुलिस के साथ एसएसबी का निरंतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। सीमा पर शांति और कानून-व्यवस्था के संधारण के लिए पुलिस और एसएसबी के बीच जॉइंट ऑपरेशंस और नियमित गश्ती की रणनीतियों पर भी चर्चा की गई।
एसपी जितेन्द्र कुमार ने स्पष्ट किया कि सीमा सुरक्षा और आंतरिक सुरक्षा एक-दूसरे से जुड़ी हुई है। उन्होंने एसएसबी अधिकारियों से कहा कि स्थानीय पुलिस हर कदम पर उनके साथ खड़ी है। दोनों बलों के बीच सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान से असामाजिक तत्वों और तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करना आसान होगा।



