पूर्णिया: UGC Equity in HEI Act 2026 के प्रावधानों के विरोध में बुधवार को पूर्णिया में विभिन्न सामाजिक संगठनों, छात्रों और युवाओं ने एकजुट होकर व्यापक प्रदर्शन किया। आस्था मंदिर से वीर कुंवर सिंह स्मारक तक पैदल मार्च निकालते हुए प्रदर्शनकारी आर.एन. शाह चौक पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री और गृहमंत्री का पुतला दहन कर सरकार के प्रति नाराजगी जताई गई।
प्रदर्शनकारियों ने कानून को भेदभावपूर्ण बताते हुए कहा कि इसके मौजूदा स्वरूप से सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है, वहीं बिना पर्याप्त जांच के प्राथमिकी और गिरफ्तारी जैसे प्रावधान कानून के दुरुपयोग की आशंका बढ़ाते हैं।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने समाहरणालय पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए अधिनियम की पुनः समीक्षा और आवश्यक संशोधन की मांग की। संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि खामियों को दूर नहीं किया गया तो आंदोलन को आगे भी चरणबद्ध तरीके से जारी रखा जाएगा।



