पूर्णिया: पूर्णिया जिले के नीरज कुमार की कहानी इस बात का जीवंत उदाहरण है कि बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना केवल कागज़ों में नहीं बल्कि युवाओं के भविष्य में कैसे वास्तविक बदलाव ला रही है। बिहार सरकार की ‘सात निश्चय’ योजना के तहत संचालित इस महत्वाकांक्षी योजना ने नीरज को आर्थिक बाधाओं के बावजूद देश के प्रतिष्ठित B.I.T मेसरा, रांची से इंजीनियरिंग की डिग्री पूरी करने का अवसर प्रदान किया।
राज्य शिक्षा वित्त निगम द्वारा प्रदत्त ब्याज मुक्त 4 लाख रुपये के शिक्षा ऋण ने नीरज को उच्च शिक्षा हासिल करने का सपना साकार करने में मदद की। आज नीरज कुमार बैंकिंग क्षेत्र में एक सम्मानजनक पद पर कार्यरत हैं और अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने इस योजना को दिया, कहते हुए कि यह योजना उन विद्यार्थियों के लिए वरदान से कम नहीं, जो धन की कमी के कारण अपने उच्च शिक्षा के सपने को छोड़ देते हैं।
बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत इच्छुक विद्यार्थियों को ₹4 लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण, पाठ्यक्रम समाप्ति के बाद रोजगार प्राप्त करने या एक वर्ष तक ऋण वापसी में छूट (मोराटोरियम पीरियड) जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे राज्य के कोई भी मेधावी छात्र पैसों की कमी के कारण अपनी पढ़ाई बीच में न छोड़े। नीरज कुमार जैसे हजारों युवा आज इस योजना से लाभ उठाकर विभिन्न क्षेत्रों में बिहार का नाम रोशन कर रहे हैं और राज्य सरकार की इस पहल ने युवाओं में शिक्षा के प्रति विश्वास और आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम की है।



