पूर्णिया, आनंद यादुका: मंगलवार को पेश किए गए राज्य बजट को लेकर भवानीपुर प्रखंड में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने जहां बजट को किसानों और अल्पसंख्यकों के लिए निराशाजनक बताया है, वहीं छात्र वर्ग ने इसे संतुलित और जनहितकारी करार दिया है।
राजद प्रखंड अध्यक्ष डॉ. जमशेद आलम ने बजट पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे झुनझुना बताया। उन्होंने कहा कि बजट में किसानों की अनदेखी की गई है और अल्पसंख्यक वर्ग के लिए भी कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की डबल इंजन की सरकार ने बजट केवल अपने समर्थकों को खुश करने के उद्देश्य से पेश किया है, जबकि आम जनता की समस्याओं को नजरअंदाज किया गया है।
वहीं छात्र मो. असकेज ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा एक संतुलित बजट पेश किया गया है। उन्होंने कहा कि बजट में छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए बहाली और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक संकेत दिए गए हैं, जिससे युवाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।



