प्रिंस कुमार, अररिया: अररिया जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र (डीआरसीसी) का जिलाधिकारी विनोद दूहन ने औचक निरीक्षण कर वहां की कार्यप्रणाली और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम सीधे काउंटर पर पहुंचे और छात्र-छात्राओं सहित अन्य आवेदकों से संवाद कर आवेदन प्रक्रिया, कर्मियों के व्यवहार और सेवाओं की गति को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, स्वयं सहायता भत्ता और कुशल युवा कार्यक्रम से जुड़े आवेदनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने केंद्र प्रबंधन को साफ-सफाई, पारदर्शिता और समयबद्ध सेवा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया और कहा कि डीआरसीसी युवाओं के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां हर आवेदक को सम्मानजनक व्यवहार और त्वरित समाधान मिलना चाहिए।



