अररिया, प्रिंस कुमार: अररिया जिला पदाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में ‘सेविका प्रोन्नति’ के माध्यम से महिला पर्यवेक्षिका (LS) के नियोजन हेतु गठित चयन समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। समाहरणालय में हुई इस बैठक में नियोजन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए कई निर्णायक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
17 से 20 फरवरी तक प्रमाण पत्रों की जांच
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्राप्त आवेदनों के आलोक में अभ्यर्थियों के मूल प्रमाण-पत्रों की जांच के लिए एक त्रि-सदस्यीय समिति का गठन किया जाएगा। जांच स्थल: जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (DRDA) सभागार। तिथियाँ: 17 फरवरी 2026 से 20 फरवरी 2026 तक। इस अवधि में स्क्रूटनी कमिटी अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत आवेदनों का मिलान उनके मूल दस्तावेजों से करेगी।
14 मार्च को जारी होगी औपबंधिक मेधा सूची
नियोजन प्रक्रिया को गति देते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि औपबंधिक मेधा सूची (Provisional Merit List) के निर्माण और प्रकाशन को लेकर अगली बैठक 14 मार्च 2026 को निर्धारित की गई है। डीएम ने सख्त लहजे में कहा कि पूरी प्रक्रिया केवल ‘मेधा’ के आधार पर होनी चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
कुल 20 पदों पर होनी है प्रोन्नति
उल्लेखनीय है कि जिले में सेविका प्रोन्नति के लिए कुल 20 रिक्त पदों हेतु रोस्टर का अनुमोदन किया गया था। इसके लिए 15 दिसंबर 2025 तक इच्छुक सेविकाओं से आवेदन प्राप्त किए गए थे। अब इन आवेदनों की गहन जांच के बाद योग्य उम्मीदवारों का चयन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में मौजूद रहे मुख्य अधिकारी
चयन समिति की इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे: रोजी कुमारी (उप-विकास आयुक्त, अररिया), संजय कुमार (जिला शिक्षा पदाधिकारी), कविता कुमारी (जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस), सुबोध कुमार (जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी), कलवी देवी (निर्वाचित महिला प्रतिनिधि सदस्य, जिला परिषद)



