पूर्णिया: गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर दिल्ली के कर्तव्य पथ पर बिहार की लोक संस्कृति झिझिया की भव्य प्रस्तुति देने के बाद कला भवन पूर्णिया का 25 सदस्यीय दल आज पूर्णिया लौट आया है।
वरिष्ठ रंगकर्मी एवं बिहार कला पुरस्कार से सम्मानित विश्वजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में इस दल ने संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार, संगीत नाटक अकादमी दिल्ली एवं नॉर्थ जोन कल्चर सेंटर पटियाला के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में देशभर से आए करीब 2500 कलाकारों के साथ सहभागिता की।
बंदे मातरम् थीम पर आधारित इस प्रस्तुति में झिझिया को राष्ट्रीय पहचान मिली, जिसे महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश-विदेश के विशिष्ट अतिथियों ने देखा। दल के नेतृत्वकर्ता विश्वजीत कुमार सिंह ने इसे बिहार और पूर्णिया के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए संबंधित सभी संस्थाओं एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।
दिल्ली से लौटने के बाद कला भवन पूर्णिया एवं जिले के सांस्कृतिक संगठनों ने सभी कलाकारों को बधाई दी और इस उपलब्धि को बिहार की लोक संस्कृति के लिए ऐतिहासिक बताया।



