पटना: राजधानी के एक गर्ल्स हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में सीबीआई जांच की अनुशंसा हो चुकी है। अब इस घटना का अंतिम वीडियो सामने आया है, जो अल सुबह करीब 3.50 बजे का है। वीडियो में देखा जा सकता है कि छात्रा के कमरे के बाहर पहले चार-पांच छात्राएं जमा होती हैं और अन्दर बंद छात्रा को नाम लेकर आवाज देती हैं, लेकिन भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलती।
छात्राएं बार-बार दरवाजा खोलने को कहती हैं, एक छात्रा टेबल पर चढ़कर अंदर झांकने की कोशिश करती है और दरवाजे को जोर-जोर से खटखटाया जाता है। इसी दौरान एक महिला वहां पहुंचती है और छात्राओं से बात कर खुद भी दरवाजा खटखटाने लगती है। पांच से सात मिनट बाद एक पुरुष मौके पर आता है और अंदर झांकता है, इसी दौरान एक छात्रा टेबल पर चढ़कर कुंडी खोल देती है। इसके बाद कमरे के भीतर से रोने जैसी आवाजें सुनाई देती हैं, छात्राएं पानी लेकर लौटती हैं, और लगभग पांच मिनट बाद एक व्यक्ति बेहोश छात्रा को गोद में उठाकर बाहर ले जाता है।
वीडियो सामने आने के बाद सवाल उठ रहे हैं कि उस समय छात्रा की वास्तविक स्थिति क्या थी और घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने कितनी तत्परता दिखाई। फिलहाल मामले की जांच सीबीआई को सौंपे जाने की प्रक्रिया जारी है, और वायरल वीडियो को भी जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है।



