पूर्णिया, अभय कुमार सिंह: रूपौली प्रखंड के गदीघाट नवटोलिया गांव में स्थित वसंतपुर पंचायत का सरकार भवन पिछले लगभग दस वर्षों से बनकर तैयार होने के बावजूद आजतक किसी सरकारी अधिकारी के कार्य के लिए उपयोग में नहीं आया है। ग्रामीणों के अनुसार, भवन के मुख्य गेट पर हमेशा ताला लटका रहता है और यहां कभी भी नियमित सरकारी सेवाएं उपलब्ध नहीं हुईं।
पंचायत के पूर्व मुखिया रामचंद्र पंडित ने बताया कि उनका कार्यकाल होने पर यह भवन तैयार हुआ था, लेकिन तब से आजतक इसमें शायद ही किसी सरकारी कर्मी को बैठते देखा गया है। केवल कभी-कभार किसान सलाहकार यहां आ जाते हैं, लेकिन आम जनता को अपने कार्यों के लिए चपहरी स्थित पंचायत भवन या मुख्यालय पर ही जाना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सरकार भवन में पंचायत सचिव, राजस्व कर्मचारी, किसान सलाहकार, आवास सहायक, विकास मित्र और डाटा ऑपरेटर जैसे सभी कर्मियों को प्रतिदिन आकर जनता के कार्यों को निष्पादित करना चाहिए। उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि सभी कर्मियों की यहां पदस्थापना सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को सुविधा मिल सके।
इस मामले पर अरविंद कुमार, बीडीओ, रूपौली प्रखंड ने कहा, “अब इस सरकार भवन में पंचायत के सभी सरकारी कर्मी प्रतिदिन बैठेंगे तथा आम आदमी की समस्या का समाधान और आवश्यक कार्य करेंगे।”



