विधि संवाददाता पूर्णिया: गुरुवार को जिला अधिवक्ता संघ के प्रशाल में ई फीलिंग के मुद्दे पर अधिवक्ताओं से विचार विमर्श करने प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कन्हैया जी चौधरी एवं नवम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश गौरव सिंह पधारे। इस मौके पर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अवधेश कुमार तिवारी एवं सचिव सुमन जी प्रकाश के अलावे बहुत सारे अधिवक्ता गण मौजूद रहे। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा की उच्च न्यायालय के आदेशानुसार पूर्णिया सिविल कोर्ट में भी ई फीलिंग लागू करना है। ताकि धीरे-धीरे न्यायालय का कामकाज पेपरलेस हो सके। उन्होंने आगे कहा की कोशिश हो कि अब कोई भी फीलिंग, ई फाइलिंग के जरिए हो, ताकि भविष्य में न्यायालय के सारे काम डिजिटल और पेपर लेश की ओर अग्रसर हो सके।
उन्होंने इस मौके पर आह्वान किया कि सारे अधिवक्ता अपना रजिस्ट्रेशन करवा कर अपना अपना आईडी बनवा लें। पूर्णिया सिविल कोर्ट में स्थित पांच ई सेवा केंद्र में से किसी पर जाकर आप अपना आईडी बनवा सकते हैं। आप अपना आईडी खुद भी एंड्रॉयड फोन से ई कोर्ट फाइलिंग में जाकर बना सकते हैं। ताकि भविष्य में ई फाइलिंग करने में सुविधा हो। जब तक अपका आईडी नहीं बनेगा आप अपने नाम से ई फाइलिंग नहीं कर पाएंगे। शुरुआती दौर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के न्यायालय एवं फैमिली कोर्ट से ई फाइलिंग का शुभारंभ करें। खासकर अग्रिम जमानत याचिका, जमानत याचिका और परिवार न्यायालय के मामले ई-फाइलिंग के जरिए दाखिल करने का प्रयास करें। इससे अधिवक्ता एवं पक्षकारों को काफी सुविधा होगी।
सिविल कोर्ट की कार्य शैली को पारदर्शी बनाना संभव होगा। अधिवक्ता एवं पक्षकार एक क्लिक पर अपने सारे केस के वर्तमान स्टेटस को देख पाएंगे। इस मौके पर नवम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश गौरव सिंह ने अपने संबोधन में वैसे तो पांच पांच ई सेवा केंद्र हमारे यहां स्थापित हो चुके हैं फिर भी यदि किन्ही अधिवक्ता को इस काम में कोई भी परेशानी होती है तो वे उनसे सीधे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में इस मुद्दे पर एक कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आप तमाम अधिवक्ता पधारें और ई फाइलिंग की ओर अग्रसर होने का लक्ष्य निर्धारित करें। साथ ही प्रत्येक सप्ताह बैठक कर इस संबंध में गहन चर्चा की जाएगी ताकि निकट भविष्य में हम अपने लक्ष्य की ओर पूरी तरह से पहुंच सके और जल्द से जल्द कोर्ट की सारी कार्रवाई डिजिटल और पेपरलेश हो जाए।
अधिवक्ता अपने घर से भी एंड्राइड मोबाइल फोन या अपने लैपटॉप या कंप्यूटर के जरिए ई फाइलिंग कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले आपको रजिस्ट्रेशन करा कर अपना आईडी बनवाना आवश्यक है। जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष ने भी तमाम अधिवक्ताओं से अपील किया कि इस दिशा में सभी लोग सकारात्मक कदम उठाएं ताकि पूर्णिया बार एक मिसाल कायम कर सके। कुछ अधिवक्ताओं ने भी इससे संबंधित कुछ प्रश्न उठाए जिसका भी न्यायाधीश महोदय ने समाधान बतलाया। ई फाइलिंग को लेकर अधिकांश अधिवक्ताओं में उत्साह देखा गया।



