पूर्णिया: विधायक विजय खेमका ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन द्वारा प्रस्तुत हालिया बजट को देश और राज्य के लिए लाभकारी और दूरदर्शी बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मजबूती प्रदान करता है और आम नागरिक, किसान, महिला, युवा और मजदूरों के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
बजट में विनिर्माण क्षेत्र को प्रोत्साहित करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने, गंभीर बीमारियों की दवाइयों और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में राहत देने, हर जिले में लड़कियों के लिए हॉस्टल बनाने और मध्यम आकार के शहरों के विकास के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। खेमका ने यह भी कहा कि पटना में जल जहाज मरम्मत परियोजना और बनारस से सिलीगुड़ी तक हाईस्पीड रेल कॉरिडोर से बिहार और सीमांचल क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन की टीम की प्रशंसा करते हुए बजट को महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए रोजगार और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाला बताया।



