फाइलेरिया मुक्त कैमूर का संकल्प, 10 फरवरी से शुरू होगा सामूहिक दवा सेवन अभियान

बक्सर: फाइलेरिया रोग के उन्मूलन को लेकर कैमूर जिले में 10 फरवरी 2026 से शुरू होने वाले सामूहिक दवा सेवन (MDA) कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने 9 फरवरी को पुराना सदर अस्पताल सभागार में मीडिया सहयोगियों के लिए एक दिवसीय संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया। अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी सह सिविल सर्जन ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि फाइलेरिया मुक्त कैमूर बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इस अभियान के माध्यम से जिले के करीब 12.50 लाख लाभार्थियों को फाइलेरिया रोधी दवाएं (डीईसी एवं अल्बेंडाजोल) खिलाई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि 11 फरवरी को मेगा एमडीए कैंप लगाकर जीविका कर्मियों एवं उनके परिवार के सदस्यों को बूथ पर दवा सेवन कराया जाएगा, जबकि बाकी लाभार्थियों को प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर अपने सामने दवा खिलाएंगे। जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. शैलेन्द्र कुमार ने स्पष्ट किया कि दवाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं, रक्तचाप, शुगर, अर्थराइटिस या अन्य सामान्य रोगों से ग्रसित व्यक्ति भी इन्हें ले सकते हैं; दवा के बाद मितली या चक्कर जैसे लक्षण शुभ संकेत हैं, क्योंकि यह शरीर में मौजूद फाइलेरिया परजीवी के मरने का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि किसी भी असुविधा के लिए हर ब्लॉक में रैपिड रेस्पोंस टीम तैनात रहेगी।

पंकज कुमार (वेक्टर रोग नियंत्रण पदाधिकारी) ने बताया कि जिले के 7 प्रखंडों में 12,39,227 लाभार्थियों को दवा खिलाई जाएगी, जबकि सदर (शहरी-ग्रामीण), चौसा, चक्की और नावानगर प्रखंड में माइक्रोफाइलेरिया दर 1% से कम होने के कारण अभियान नहीं चलेगा। दवाएं खाली पेट नहीं लेनी हैं, 2 वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को दवा नहीं दी जाएगी।

विशेषज्ञों ने बताया कि फाइलेरिया मच्छर के काटने से फैलता है और विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार यह दीर्घकालिक विकलांगता का प्रमुख कारण है, जिससे हाइड्रोसील, लिम्फेडेमा और काइलूरिया जैसी समस्याएं होती हैं; लगातार 5 साल दवा लेने से जीवनभर रोग से सुरक्षा मिल जाती है। कार्यशाला में जिला स्तरीय चिकित्सा पदाधिकारी, मीडिया सहयोगी, WHO, पिरामल स्वास्थ्य, सिफार, CHC-PSP सदस्य और अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे। मीडिया से अपील की गई कि वे लोगों तक संदेश पहुंचाएं कि स्वास्थ्यकर्मियों के सामने दवा सेवन सुनिश्चित करें और अभियान में पूर्ण सहयोग दें। यह कार्यशाला फाइलेरिया उन्मूलन के प्रति जिले की प्रतिबद्धता को मजबूत करने वाली साबित हुई।

Share This Article
अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"
- Advertisement -

आपके लिए ख़ास ख़बर

App Icon