पूर्णिया, अभय कुमार सिंह: टीकापट्टी पुलिस ने बुधवार को थाना कांड संख्या 86/2026 के तहत धूसर गांव से फरार चल रहे दो आरोपितों अमन कुमार और मंजीत कुमार के घर कुर्की और जप्ती की कार्रवाई की। मामले का पृष्ठभूमि यह है कि 11 जून की रात टीकापटी थाना क्षेत्र के गरीबघाट स्थित पेट्रोलपंप के पास से 213 बोरा मक्का लदा ट्रैक्टर सशस्त्र अपराधियों द्वारा अपहरण कर लिया गया था।
चालक को श्रीमाता बहियार के केला खेत में बांधकर छोड़ दिया गया था। पुलिस ने तत्क्षण कांड संख्या 86/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की और मक्का बरामद करने में सफलता पाई। गुप्त सूचना के आधार पर मक्का अगले ही दिन तेलडीहा गांव के रामचंद्र यादव के बथान स्थित बासा से बरामद किया गया।
इस मामले में अब तक लगभग एक दर्जन आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिनमें तेलडीहा गांव के ओम कुमार, कटिहार के नीतेश कुमार उर्फ नीतीश, सुभाष कुमार मंडल, राजकुमार मंडल तथा धूसर गांव के गुरुदेव कुमार, अमन कुमार और मंजीत कुमार शामिल हैं। फरार आरोपित अमन कुमार और मंजीत कुमार के खिलाफ पिछले माह घर में नोटिस चिपकाए गए थे। न्यायालय में आत्मसमर्पण न करने की स्थिति में अदालत के आदेशानुसार उनके घर कुर्की और जप्ती की कार्रवाई संपन्न की गई।



