अररिया, प्रिंस कुमार: सदर अस्पताल के प्रख्यात सर्जन डॉ. जितेंद्र प्रसाद और उनकी पत्नी के सड़क दुर्घटना में हुए असामयिक निधन पर मंगलवार को जिला प्रशासन द्वारा शोक व्यक्त किया गया। समाहरणालय स्थित परमान सभागार में एक विशेष शोक सभा का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता अपर समाहर्ता (ADM) अनिल कुमार झा ने की।
दो मिनट का मौन और श्रद्धांजलि
शोक सभा में उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मियों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा और अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। डॉ. प्रसाद को उनकी समर्पित सेवाओं और मिलनसार स्वभाव के लिए याद किया गया।
सेवा भाव के लिए याद किए जाएंगे डॉक्टर प्रसाद
शोक सभा को संबोधित करते हुए अपर समाहर्ता अनिल कुमार झा ने कहा “डॉ. जितेंद्र प्रसाद चिकित्सा के क्षेत्र में अपने सेवा भाव और समर्पण के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। उनका इस तरह से चले जाना स्वास्थ्य विभाग और जिले के लिए एक बड़ी क्षति है।”
कोहरे को लेकर सावधानी बरतने की अपील
सड़क हादसे की इस दुखद घटना के मद्देनजर अपर समाहर्ता ने आम जनता और वाहन चालकों से अपील की घने कोहरे के दौरान वाहनों की गति नियंत्रित रखें। सड़क पर अत्यधिक सावधानी बरतें और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें। इस प्रकार की हृदय विदारक घटनाओं को रोकने के लिए सतर्कता ही एकमात्र उपाय है।
शोक सभा में मौजूद रहे आला अधिकारी
इस मौके पर जिले के कई वरीय अधिकारी मौजूद थे, जिनमें मुख्य रूप से उप विकास आयुक्त (DDC): रोजी कुमारी, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन): नवनील कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी: मनीष कुमार इसके अलावा सभी वरीय उप समाहर्ता, सहायक निदेशक (जिला बाल संरक्षण इकाई), निदेशक (DRDA) और समाहरणालय के सभी कर्मी शामिल हुए।



