अररिया, प्रिंस कुमार: जिला कृषि कार्यालय अररिया परिसर में आत्मा अररिया के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ‘किसान मेला सह कृषि प्रदर्शनी’ का सोमवार को भव्य आगाज हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिलाधिकारी विनोद दूहन ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के बाद जिलाधिकारी ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और किसानों द्वारा अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों की सराहना की।
मेले के पहले दिन समेकित कृषि प्रणाली (इंटीग्रेटेड फार्मिंग सिस्टम) के जीवंत मॉडल ने विशेष आकर्षण बटोरा, जिसमें एक ही भूमि पर फसल उत्पादन के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन और बागवानी को समन्वित कर आय बढ़ाने की विधि प्रदर्शित की गई। कृषि विशेषज्ञों ने कम लागत में अधिक उत्पादन और बेहतर बाजार प्रबंधन के गुर साझा किए। जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए प्रगतिशील किसानों ने जैविक अनाज, फल एवं विशालकाय सब्जियों सहित अपने उत्कृष्ट उत्पादों का प्रदर्शन किया, जिसने आगंतुकों का ध्यान खींचा।

जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से किसानों को नई तकनीकों की जानकारी मिलती है और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने की प्रेरणा मिलती है। मेला मंगलवार तक चलेगा, जिसमें तकनीकी सत्र, आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन तथा उत्कृष्ट उत्पाद प्रस्तुत करने वाले किसानों को सम्मानित करने की भी योजना है।



