पूर्णिया, विमल किशोर: अमौर प्रखंड के गैरुआ चौक से भवानीपुर होते हुए सिहालो जाने वाली सड़क पर गेरुआ चौक के समीप हो रहे कल्वर्ट निर्माण में ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितता का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा पुराने कल्वर्ट के बगल में नए कल्वर्ट का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन इसमें घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है।
आरोप है कि ढलाई में सीमेंट के साथ लाल बालू और मिट्टी मिली गिट्टी का इस्तेमाल किया गया, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने यह भी आपत्ति जताई कि पहले से बने कल्वर्ट की तुलना में नया कल्वर्ट करीब दो से तीन फीट नीचे बनाया जा रहा है, जबकि यह इलाका बाढ़ प्रभावित है और इससे पुल के ऊपर से पानी बहने की आशंका बनी रहेगी। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर पुराने पुल के स्तर के बराबर नया कल्वर्ट बनाने की मांग की है।
इस संबंध में सरपंच प्रतिनिधि मेराज आलम, मोहम्मद उस्मान, कुर्बान, इलियास, रोजित, सलीम, सद्दाम सहित कई ग्रामीणों ने विरोध जताया। वहीं विभागीय जेई रंजीत कुमार ने बताया कि संवेदक को पुराने पुल के समानांतर और उसी स्तर पर नया पुल बनाने का निर्देश दिया गया है।



