पूर्णिया: ब्रेन डिस्कवरी पब्लिक स्कूल में टारगेट जीएम शतरंज क्लब के सहयोग से एकदिवसीय नि:शुल्क शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के 24 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता को दो वर्गों में विभाजित किया गया, पहले ग्रुप में एलकेजी, यूकेजी एवं कक्षा एक के बच्चे शामिल थे, जबकि दूसरे ग्रुप में कक्षा दो और तीन के विद्यार्थियों ने प्रतिस्पर्धा की।
प्रतियोगिता के सफल प्रतिभागियों को पूर्णिया नगर निगम की डिप्टी मेयर पल्लवी गुप्ता एवं विद्यालय के निदेशक अनिकेत कुमार सिंह द्वारा ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन टारगेट जीएम शतरंज क्लब के संस्थापक सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय रेटेड खिलाड़ी अमृत साजन ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में डिप्टी मेयर पल्लवी गुप्ता, प्रेस क्लब अध्यक्ष नंदकिशोर सिंह तथा सीमांचल प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रमंडलीय सचिव मनोरंजन कुमार ने बच्चों को संबोधित करते हुए शतरंज को मानसिक विकास का सशक्त माध्यम बताया।
प्रतियोगिता में ग्रुप ए से शुभांगी कुमारी ने प्रथम, अयांश सहाय ने द्वितीय और खुशी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि ग्रुप बी में सोनम कुमारी प्रथम, शांतनु राज द्वितीय एवं दिव्या भारती तृतीय स्थान पर रहीं। कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्या मधु झा सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं और अभिभावक मौजूद रहे।



