अररिया/प्रिंस कुमार : महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत प्रदेश की 10 लाख महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में ₹10,000 प्रति लाभुक की दर से कुल ₹1,000 करोड़ की राशि हस्तांतरित की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस राज्यव्यापी कार्यक्रम में अररिया जिले से परमान सभागार में जिला पदाधिकारी अनिल कुमार और बड़ी संख्या में लाभुक महिलाएं शामिल हुईं।
जिला पदाधिकारी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने वाली इस पहल की सराहना करते हुए प्राप्त राशि का उपयोग उद्यमिता और स्वरोजगार में करने की अपील की। इस दौरान जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका अररिया ने बताया कि जिले की 36 हजार महिलाओं को आज राशि मिली है, जबकि अब तक 5 लाख 15 हजार जीविका दीदी योजना का लाभ ले चुकी हैं। कार्यक्रम में डीआरडीए निदेशक, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




