पूर्णिया, आनंद यादुका: Bihar Election 2025 बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के तहत मंगलवार को 61-धमदाहा विधानसभा क्षेत्र के नामांकन पत्रों की संवीक्षा (जांच) की गई। संवीक्षा के दौरान कुल 11 अभ्यर्थियों के नाम निर्देशन प्रपत्र वैध पाए गए। धमदाहा के निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीएम अनुपम ने बताया कि सभी वैध प्रत्याशी अब चुनावी मैदान में उतर चुके हैं और मुकाबला बहुकोणीय होने की संभावना है।
धमदाहा सीट से जिन उम्मीदवारों के नामांकन पत्र स्वीकृत हुए हैं, उनमें राजद से संतोष कुमार उर्फ संतोष कुशवाहा, जदयू से लेशी सिंह, जन सुराज पार्टी से राकेश कुमार उर्फ बंटी यादव, राष्ट्रीय जन संभावना पार्टी से भगवान मढ़ैया, जागरूक जनता पार्टी से मनोज शर्मा, तथा एआईएमआईएम से मो. इश्तियाक आलम शामिल हैं। इसके अलावा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में रमण कुमार, प्रदीप सिंह, विंदेश्वरी शर्मा, चंद लाल उरांव और कुमारी कुमकुम रानी चुनाव मैदान में हैं। संवीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और अब सभी उम्मीदवार प्रचार अभियान की तैयारी में जुट गए हैं।



