पूर्णिया, अभय कुमार सिंह: Purnia News 5 दिसंबर को पदभार ग्रहण करने के साथ ही नए प्रखंड कृषि पदाधिकारी कृष्ण कुमार चौधरी ने उर्वरक विक्रेताओं को खुली चेतावनी दे दी – “यूरिया 500, डीएपी 1850, एनपीके 1700 से एक रुपया भी ज्यादा लिया तो दुकान सील, लाइसेंस रद्द और FIR पक्की।” चौधरी ने सभी कृषि सलाहकारों-कोऑर्डिनेटर को आदेश दिया कि हर दुकान पर नजर रखें, रोजाना स्टॉक की जानकारी किसान ग्रुप और आत्मा ग्रुप पर डालें, ताकि किसान जान सकें कि किसके पास कितना उर्वरक है और कोई मनमानी न कर सके।
किसानों से भी अपील की कि कोई ज्यादा कीमत ले तो तुरंत शिकायत करें, तत्काल कार्रवाई होगी। उद्यान विभाग के कर्मचारी संजीव कुमार को भी फटकार लगाते हुए कहा कि मुख्यालय में एक दिन भी गायब रहे तो वेतन कटेगा। चौधरी का साफ संदेश – “रबी फसल के मौसम में किसान का एक दाना भी लूटने वाले को बख्शा नहीं जाएगा।” उनकी इस सख्ती से किसानों में खुशी तो दुकानदारों में हड़कंप मच गया है।



