पूर्णिया: आज पूर्णिया विश्वविद्यालय, पूर्णिया में विद्वत परिषद (Academic Council) की 22वीं बैठक अपराह्न 2:30 बजे विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में माननीय कुलपति प्रो. विवेकानंद सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित करने तथा दूर-दराज़ के महाविद्यालयों में पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु इस बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें सभी पीजी विभागाध्यक्षों सहित रोटेशन के आधार पर अंगीभूत एवं संबद्धता प्राप्त महाविद्यालयों के प्रधानाचार्य सम्मिलित हुए और कुल 45 सदस्यों की उपस्थिति रही।
बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिसमें मिल्लिया कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी वेरियाडांगी, किशनगंज तथा YNP डिग्री कॉलेज, रानीगंज, अररिया में सत्र 2025–26 से व्यवसायिक पाठ्यक्रम BBA एवं BCA प्रारंभ करने को अनुमोदन प्रदान किया गया। विश्वविद्यालय की केंद्रीय पुस्तकालय में पुस्तकों की संख्या बढ़ाने हेतु सभी विभागों एवं शिक्षकों से पुस्तक सूची मंगाकर समुचित व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया। सत्र 2025–27 से पीजी में नामांकन की प्रक्रिया केवल समर्थ पोर्टल के माध्यम से किए जाने का निर्णय लिया गया।
UG एवं PG की सभी कक्षाओं में विद्यार्थियों की 75% उपस्थिति सुनिश्चित कराने हेतु ठोस प्रस्ताव पारित किया गया। पूर्णिया कॉलेज, पूर्णिया में बंद पड़े BCA ऑनर्स कोर्स को पुनः प्रारंभ कर ‘BCA’ नाम से राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया ताकि नामांकन प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जा सके। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय स्थित MBA पाठ्यक्रम में भी जल्द नामांकन शुरू करने का निर्णय लिया गया। अंत में परीक्षा विभाग द्वारा जारी सभी परीक्षा परिणामों को अनुमोदित किया गया।



