पूर्णिया, प्रफुल्ल कुमार सिंह: Independence Day 2025 सरसी थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर शुक्रवार को 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और लोगों ने पूरे उत्साह के साथ तिरंगे को सलामी दी। सरसी थाना परिसर में थानाध्यक्ष अभय रंजन ने ध्वजारोहण कर राष्ट्र को नमन किया, वहीं स्थानीय चौराहे पर समाजसेवी राज किशोर सिंह द्वारा भी तिरंगा फहराया गया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने शहीद सत्य कुमार सिंह एवं स्वतंत्रता सेनानी नरसिंह नारायण सिंह के स्मारक स्थल पर एकत्र होकर झंडोत्तोलन कार्यक्रम में भाग लिया। स्मारक स्थल पर ध्वजारोहण वयोवृद्ध भूलन पासवान द्वारा किया गया, जहां स्थानीय पुलिस बल ने शहीदों के सम्मान में परेड कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

समुदायिक भवन सरसी में पंचायत मुखिया प्रशांत सिंह ने ध्वजारोहण किया, वहीं चंपावती पंचायत सरकार भवन, मझुआ फतेहगंज में मुखिया संजय झा और सरपंच मनोज कुमार ने संयुक्त रूप से झंडोत्तोलन किया। खास बात यह रही कि मुखिया संजय झा ने इस मौके पर निजी कोष से तीन दर्जन बालिकाओं का सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खाता खुलवाकर उन्हें आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण तोहफा दिया। कचहरी बलुवा पंचायत भवन में मुखिया अनामिका रंजन, महादेवपुर और पारसमणी पंचायतों में भी पंचायत मुखियों ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी।

इसके अलावा, प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र सरसी, बल भारती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरसी, मध्य विद्यालय सरसी, उच्च विद्यालय चंपावती, मध्य विद्यालय बेला समेत सभी शैक्षणिक संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस गरिमापूर्वक मनाया गया। पूरा सरसी क्षेत्र इस अवसर पर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया और हर वर्ग ने एक स्वर में आजादी की रक्षा और सामाजिक समर्पण का संकल्प दोहराया।




