Purnia News: सलता धर्मबारी मार्ग पर निर्माणाधीन पुल बना मौत का फंदा, बाइक सवार युवक की गई जान, दूसरा गंभीर

पूर्णिया, शम्भू कुमार रॉय: Purnia News पूर्णिया जिले के अमौर प्रखंड अंतर्गत हफनिया पंचायत स्थित सलता गांव के पास निर्माणाधीन पुल पर रविवार की रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस वक्त हुआ जब पुल पर सुरक्षा के लिए कोई बैरिकेटिंग या चेतावनी संकेत मौजूद नहीं था। अंधेरे में पुल से टकराकर बाइक सवार युवक गहरे गड्ढे में जा गिरे। मृतक की पहचान मुदस्सिर के रूप में हुई है, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरा युवक गंभीर रूप से जख्मी है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि पुल निर्माण कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। ठेकेदार की मनमानी और लापरवाही के कारण बिना किसी सुरक्षा उपायों के रात के समय यह हादसा हुआ, जिसकी कीमत एक युवक को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और लोगों ने ठेकेदार पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। यह हादसा एक बार फिर सरकारी निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को उजागर करता है। प्रशासन से मांग की जा रही है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *