PURNIA NEWS : पूर्णिया विश्वविद्यालय में महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों की बैठक: कुलपति ने अतिरिक्त नामांकन शुल्क लेने पर कड़ी चेतावनी दी

PURNIA NEWS : पूर्णिया विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में माननीय कुलपति प्रो. विवेकानंद सिंह की अध्यक्षता में अंगीभूत एवं संबद्ध महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुलपति ने साफ निर्देश दिए कि राजभवन पटना द्वारा जारी नामांकन शुल्क के अतिरिक्त किसी भी महाविद्यालय द्वारा अतिरिक्त शुल्क वसूली अवैध है और इसे तुरंत बंद किया जाए। कुलपति ने इस मामले में महाविद्यालयों की चूक पर नाराजगी जताते हुए भविष्य में इस तरह की शिकायतों पर कड़ी कार्यवाही की चेतावनी भी दी।कुलसचिव प्रो. प्रणय गुप्ता ने टीम भावना के साथ काम करने और आदेशों के अक्षरशः पालन पर जोर दिया, जबकि प्रति कुलपति प्रो. पवन कुमार झा ने स्पष्ट किया कि राजभवन द्वारा जारी अध्यादेश में सभी आवश्यक शुल्क जैसे आईडी कार्ड, प्रॉस्पेक्टस, बिजली-पानी आदि का उल्लेख है, अतः अतिरिक्त शुल्क वसूली का कोई औचित्य नहीं। सहायक कुलसचिव डॉ. नवनीत कुमार ने पिछले दौरों और पत्राचार का हवाला देते हुए पारदर्शी समर्थ पोर्टल की उपयोगिता और विद्यार्थियों की सुविधा पर बल दिया। समर्थ नोडल अधिकारी सुमन सागर ने डेटा के शीघ्र अपडेट की अहमियत पर जोर दिया।

बैठक में GLM कॉलेज के प्रो. प्रमोद भारतीय, अररिया कॉलेज के प्रो. रामदयाल पासवान, मारवाड़ी कॉलेज के प्रो. संजीव कुमार, महिला महाविद्यालय के प्रो. अनंत प्रसाद गुप्ता समेत संबद्ध महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने अपनी-अपनी बात रखी। संबद्ध महाविद्यालयों ने सरकार से 2017 से अनुदान न मिलने और कर्मचारियों-शिक्षकों को बिना मानदेय काम करना पड़ने की समस्याएं उठाईं। वहीं MJMM महाविद्यालय ने बताया कि महिला अभ्यर्थियों से शुल्क न लेने के कारण महिला महाविद्यालय चलाने में आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कुलपति ने सभी महाविद्यालयों से निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के साथ विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा और विद्यार्थियों के हितों को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *