पूर्णिया: पूर्णिया ईस्ट ब्लॉक अंचल कार्यालय परिसर में आयोजित बसेरा-2 योजना के तहत एक विशेष कार्यक्रम में विधायक विजय खेमका ने 59 भूमिहीन परिवारों को वासगीत पर्चा वितरित कर उनके जीवन में स्थायित्व का नया अध्याय जोड़ा, जबकि इससे पूर्व 51 परिवारों को यह लाभ मिल चुका है। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी ने विधायक का स्वागत किया, वहीं पर्चा पाकर लाभार्थी परिवारों में खासा उत्साह देखा गया। विधायक ने इस अवसर पर पाँच बुजुर्ग महिलाओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित भी किया।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार गरीबों के हित में कार्य कर रही है, जिससे सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और आवास जैसे बुनियादी क्षेत्रों में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास, नल-जल, मुफ्त राशन, छात्रवृत्ति, महिला उद्यमिता और जीविका योजनाओं का ज़िक्र करते हुए बताया कि आज महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं और गांवों को शहरों जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं, जिसमें खेल मैदान, एलईडी लाइट, पंचायत भवन और बैंकिंग सुविधाएं शामिल हैं।
राजस्व सुधारों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि दाखिल-खारिज की प्रक्रिया को अब ऑनलाइन और पारदर्शी बनाया गया है तथा खासमहल ज़मीन पर लगान निर्धारण कर रसीदें जारी की जा रही हैं। उन्होंने वासगीत पर्चा को न केवल जमीन का दस्तावेज़ बल्कि हक और सम्मान का प्रतीक बताया और आश्वासन दिया कि सभी पर्चाधारियों को प्रधानमंत्री आवास का लाभ जल्द मिलेगा। कार्यक्रम में 20 सूत्री प्रखंड अध्यक्ष पानो देवी, भाजपा नेता वीरेंद्र सिंह, जदयू के शिवकुमार मंडल सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।



