PURNIA NEWS : मारवाड़ी कॉलेज किशनगंज में भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के खिलाफ एबीवीपी का धरना प्रदर्शन जारी, विश्वविद्यालय प्रशासन पर सवालों का पहाड़

PURNIA NEWS : मारवाड़ी कॉलेज किशनगंज में प्रधानाचार्य डॉ. संजीवा कुमार द्वारा की जा रही अवैध वसूली और वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का धरना लगातार दूसरे दिन भी विश्वविद्यालय परिसर में जारी रहा। छात्र-छात्राओं के अनुसार, प्रधानाचार्य ने नियमों की अवहेलना करते हुए सभी वर्ग के छात्रों से ₹300 की अवैध वसूली की। यह मामला केवल नामांकन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रथम मेधा सूची, पीजी और यूजी दोनों स्तरों के नामांकन में भी नियमों का उल्लंघन किया गया। साथ ही, प्रधानाचार्य द्वारा लाइब्रेरी भवन पर कब्जा कर उसे क्वार्टर के रूप में उपयोग करने और H.R.A. लेने की जानकारी भी सामने आई है। एबीवीपी किशनगंज और कटिहार के विभाग संयोजक श्री अमित कुमार मंडल ने कहा कि जब तक विश्वविद्यालय प्रशासन इन मामलों में सख्त कार्रवाई नहीं करता, धरना और प्रदर्शन जारी रहेगा। पूर्णिया विश्वविद्यालय के सीनेट सदस्य श्री रितेश कुमार यादव ने भी इस मामले में समर्थन जताते हुए प्रशासन से जवाब और कार्रवाई की मांग की। संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से सवाल किए हैं कि जब नियमों और सरकार के आदेशों का उल्लंघन स्पष्ट हो चुका है, तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई, और सभी छात्रों से अवैध वसूली की गई राशि क्यों केवल आंशिक रूप से ही वापस की गई।

धरना स्थल पर किशनगंज जिला संयोजक दिपक चौहान, एंजेल कुमार, राजा कुमार, बिक्की ठाकुर, मारवाड़ी कॉलेज अध्यक्ष अंकित सिंह, कॉलेज मंत्री रोहित कुमार तुसार सहित सैकड़ों छात्र और कार्यकर्ता मौजूद थे। एबीवीपी ने चेतावनी दी कि यदि दोषी प्रधानाचार्य के खिलाफ तुरंत कार्रवाई नहीं हुई और छात्रों से की गई अवैध वसूली की राशि पूरी तरह वापस नहीं की गई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। छात्रों और कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह मामला केवल मारवाड़ी कॉलेज तक सीमित नहीं है, बल्कि विश्वविद्यालय प्रशासन की पारदर्शिता और छात्रहित की रक्षा पर भी गंभीर सवाल उठाता है। इसलिए सभी छात्र, अभिभावक और जागरूक नागरिक विश्वविद्यालय प्रशासन से निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *