ARARIA NEWS,प्रिंस(अन्ना राय) : अररिया के पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार को उनकी सराहनीय पुलिसिंग के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। पटना के सरदार पटेल भवन स्थित पुलिस मुख्यालय में आयोजित एक सम्मान समारोह में बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार ने उन्हें यह पदक प्रदान किया।
सोनपुर में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला सम्मान
एसपी अंजनी कुमार को यह सम्मान सोनपुर में उनकी पोस्टिंग के दौरान किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए दिया गया है। उनकी बेहतर पुलिसिंग को देखते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित पदक से नवाजा गया था, जिसे अब समारोहपूर्वक प्रदान किया गया। इस मौके पर पुलिस मुख्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
पुलिस अधिकारियों और एसोसिएशन ने दी बधाई
एसपी अंजनी कुमार को मिले इस सम्मान पर पूरे जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने खुशी जताई है। सदर एसडीपीओ सुशील कुमार, डीएसपी हेडक्वार्टर फखरे आलम, साइबर डीएसपी रजिया सुल्ताना, फारबिसगंज एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा, नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक सहित कई अन्य पुलिस अधिकारियों और बिहार पुलिस मेंस एसोसिएशन व बिहार गृह रक्षा वाहिनी संघ ने उन्हें बधाई दी है। सभी ने इस पल को अररिया पुलिस के लिए गौरवान्वित करने वाला बताया है।



