ARARIA NEWS : मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना का दायरा बढ़ा, स्नातक उत्तीर्ण युवाओं को मिलेगा लाभ

ARARIA NEWS,प्रिंस(अन्ना राय) : बिहार के स्नातक उत्तीर्ण युवक-युवतियों के लिए एक बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की घोषणा के बाद, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली से वेबकास्टिंग के माध्यम से पुनर्गठित मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में पटना में मुख्यमंत्री भी मौजूद थे।

अररिया में लाइव प्रसारण, युवाओं में उत्साह

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण अररिया के समाहरणालय स्थित परमान सभागार में किया गया। इस दौरान उप विकास आयुक्त (डीडीसी) रोजी कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार, निदेशक डीआरडीए सौरभ सिन्हा सहित कई अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।

स्नातक युवाओं को ₹1000 प्रतिमाह

पहले यह योजना 12वीं उत्तीर्ण बेरोजगार युवाओं के लिए थी, लेकिन अब राज्य सरकार के ‘सात निश्चय-2’ कार्यक्रम के तहत इसका दायरा बढ़ा दिया गया है।

योजना के प्रमुख बिंदु:

लाभार्थी: 20 से 25 वर्ष आयु वर्ग के वैसे युवक-युवतियाँ जो राज्य सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों से स्नातक (कला, विज्ञान एवं वाणिज्य) उत्तीर्ण हैं।
शर्तें: वे किसी भी तरह के स्वरोजगार या सरकारी/निजी नियोजन (रोजगार) में नहीं होने चाहिए और कहीं अध्ययनरत नहीं होने चाहिए।
सहायता राशि: रोजगार की तलाश के दौरान सहायता के तौर पर उन्हें ₹1,000 (एक हजार रुपये) प्रतिमाह की दर से स्वयं सहायता भत्ता अधिकतम दो वर्षों तक दिया जाएगा।

सरकार का बड़ा लक्ष्य

राज्य सरकार का लक्ष्य इस योजना के अंतर्गत प्रतिवर्ष पाँच लाख लाभार्थियों को स्वयं सहायता भत्ता का लाभ देना है, जिस पर कुल ₹600 करोड़ प्रतिवर्ष खर्च होने का अनुमान है। यह निर्णय बिहार के लाखों शिक्षित युवाओं को रोजगार तलाशने के दौरान बड़ी आर्थिक सहायता प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *