ARARIA NEWS,प्रिंस(अन्ना राय) : विगत दिनों हुई भारी वर्षा और जिले की नदियों के जलस्तर में वृद्धि से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा के लिए आज जिला पदाधिकारी, अररिया की अध्यक्षता में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान सभी अंचलों द्वारा दर्ज किए गए वर्षापात और नदियों के बढ़े हुए जलस्तर से पैदा हुई स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही, इसके आलोक में किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की भी समीक्षा की गई।
अधिकारियों को दिए गए महत्वपूर्ण निर्देश
जिलाधिकारी ने समीक्षा के क्रम में सभी अंचलाधिकारियों (COs) को सख्त निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते रहें। उन्हें स्थानीय लोगों से समन्वय स्थापित कर स्थिति पर बारीकी से नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही, दैनिक समाचार पत्रों के माध्यम से प्राप्त होने वाली सूचनाओं पर भी आवश्यकतानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
विद्युत, कृषि और सड़क पर विशेष ध्यान
कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल को निर्देश दिया गया कि जिन भी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित है, वहां आवश्यक कार्रवाई करते हुए यथाशीघ्र आपूर्ति चालू करें। जिला कृषि पदाधिकारी को फसल क्षति की स्थिति का आकलन करते हुए आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण प्रमंडल, पूर्णिया को नदी से कटाव वाले स्थलों को तुरंत चिन्हित कर कटाव निरोधक कार्य की स्वीकृति हेतु प्रस्ताव अविलंब विभाग को भेजने का निर्देश दिया गया। कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग एवं ग्रामीण कार्य विभाग को निर्देश दिया गया कि वर्षा एवं नदियों के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मती कर यथाशीघ्र परिचालन योग्य बनाना सुनिश्चित करें।
बैठक में उपस्थिति इस महत्वपूर्ण बैठक में जिलाधिकारी, अररिया के साथ अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), अपर समाहर्ता (राजस्व), सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता (ग्रामीण कार्य विभाग/पथ निर्माण विभाग/ विद्युत आपूर्ति विभाग/बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण प्रमंडल), सभी अंचलाधिकारी एवं अन्य संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को चौकसी बनाए रखने और सामूहिक प्रयास से वर्षा जनित चुनौतियों का सामना करने पर जोर दिया।



