PURNIA NEWS : पूर्णिया धमदाहा–बनमनखी कोर्ट बिल्डिंग का शिलान्यास, न्यायपालिका के लिए ऐतिहासिक क्षण

PURNIA NEWS : पूर्णिया न्याय मंडल में धमदाहा और बनमनखी कोर्ट के नए भवन का शिलान्यास बुधवार को किया गया। कार्यक्रम वर्चुअल मोड में आयोजित हुआ, जिसमें पटना हाईकोर्ट के माननीय मुख्य न्यायाधीश पी. बी. बैजंतरी, न्यायमूर्ति सुधीर सिंह, न्यायमूर्ति राजीव रंजन प्रसाद और न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने शिलान्यास किया। शिलान्यास समारोह पूर्णिया सिविल कोर्ट के सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कन्हैया जी चौधरी, जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, भवन निर्माण इंजीनियर, न्यायाधीशगण, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष एवं सचिव सहित अधिवक्ता गण उपस्थित रहे।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्य न्यायाधीश और अन्य न्यायाधीशों ने अपने संदेश दिए, जबकि उपस्थित लोगों ने उन्हें सुना। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने इस अवसर पर कहा कि यह पूर्णिया न्याय मंडल के लिए ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि अब सभी अनुमंडलों में न्यायपालिका की अपनी बिल्डिंग होगी और पदाधिकारी एवं स्टाफ के लिए विभिन्न श्रेणी के क्वार्टर बनाए जाएंगे। यह कार्य डेढ़ वर्ष के भीतर पूरा किया जाएगा।

साथ ही सिविल कोर्ट गेट नंबर 2 और 3 के सामने एक नया प्लॉट तैयार किया गया है, जहां पॉक्सो कोर्ट का निर्माण किया जाएगा। इसमें पीड़िताओं और संबंधित पक्षकारों के लिए सुरक्षित कमरे बनाए जाएंगे, और सुरक्षा व्यवस्था उच्चतम न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार होगी। इस मौके पर जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष ने भी अपने विचार साझा किए। मंच संचालन विशेष न्यायाधीश पॉक्सो I आकांक्षा कश्यप ने किया और धन्यवाद ज्ञापन परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश राकेश कुमार ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में तकनीकी टीम पूरी तरह से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग व्यवस्था में जुटी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *