Araria News: जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने शिक्षक ओमप्रकाश यादव को राजनीतिक गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में किया निलंबित

अररिया, प्रिंस(अन्ना राय): Araria News आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन और विभागीय नियमों के प्रतिकूल कार्य करने के आरोप में अररिया जिले के शिक्षक ओमप्रकाश यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। श्री यादव, जो मध्य विद्यालय (म० वि०) खाब्दह डुमरिया, नरपतगंज में विशिष्ट शिक्षक के पद पर कार्यरत थे, पर राजनीतिक दल के नेताओं के साथ अपनी तस्वीरें फेसबुक अकाउंट पर साझा करने, राजनीतिक दल के पक्ष में प्रचार-प्रसार करने और उनके समर्थन में टिप्पणियाँ करने का आरोप है।

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना), अररिया द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि शिक्षक का यह कृत्य आदर्श आचार संहिता का घोर उल्लंघन है और यह शिक्षक आचरण एवं विभागीय नियम के पूर्णतः प्रतिकूल है। यह कार्रवाई बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमवाली 2005 की सुसंगत धाराओं के अधीन की गई है। निलंबन के साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

निलंबन अवधि के दौरान श्री ओमप्रकाश यादव का मुख्यालय प्रखंड संसाधन केन्द्र, कुर्साकांटा निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। आरोप पत्र ‘प्रपत्र क’ अलग से जारी किया जाएगा। यह कदम सरकारी सेवकों के लिए निर्धारित आचार संहिता के पालन को सुनिश्चित करने की दिशा में एक कड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *